जिले की अधिकांश सड़कें गड्ढों से छलनी हो रही हैं। कई सड़कों पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि वाहनों के पलटने और सड़क हादसों की बड़ी वजह बन चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कई निर्देशों के बाद भी इन सड़कों की हालात सुधर नहीं रही है। जिले में पीडब्ल्यूडी के स्वामित्व वाली 556 सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग 845 किमी है। वर्तमान में मरम्मत और गड्ढा मुक्ति का अभियान चलाया जाना था, लेकिन बरसात ने इस अभियान को बुरी तरह से धो दिया है।
आलम ये है कि जिले की सबसे प्रमुख सड़कों में शुमार रामघाट रोड पर पीएसी के पास पानी भरने से तालाब बना है और वाहन सवार एक से डेढ़ फुट पानी में जान जोखिम में डाल कर सफर कर रहे हैं। ओजोन सिटी-सांगवान सिटी रोड, आगरा रोड, मथुरा रोड, शहर का बाईपास रोड, एटा चुंगी रोड सहित कई इलाकों में सड़कों पर चलना बेहद खतरनाक हो चुका है।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के कार्यक्षेत्र में 187 सड़कों पर गड्ढा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इन सड़कों की लंबाई 365 किमी है। ये सभी सड़कें जिले के ग्रामीण अंचलों की हैं। इसमें इगलास-गोंडा, हाथरस-इगलास रोड प्रमुख है। अलीगढ़-मथुरा रोड पर सुदृढ़ीकरण के तहत काम हो रहा है।
पीडब्ल्यूडी नोडल कार्यालय के कार्यक्षेत्र में कुल 750 सड़के हैं, जिसमें 150 सड़कें मरम्मत में है और 33 विशेष मरम्मत में हैं। इस तरह से 186 सड़कों पर काम होना है। इनकी कुल लंबाई 480 किमी है। इसमें 266 किमी लंबाई पर काम हो रहा है।
- शासन के निर्देश पर सड़कों की मरम्मत का काम हो रहा है। कई जगह काम चल रहा है। बारिश से लगभग दस दिन तक का काम प्रभावित हो गया है। रामघाट रोड पीएसी के पास काम शुरू हुआ था। अब पानी निकलने का इंतजार हो रहा है। जलनिकासी होने के बाद काम शुरू हो पाएगा।
एके शर्मा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।
जिले की सड़कों की मरम्मत का काम जारी है। जल्द ही इसको पूरा किया जाएगा। मथुरा रोड पर नवीनीकरण का काम तीन अलग-अलग प्रोजेक्ट में हो रहा है। इसको पूरा किया जा रहा है। बाकी सड़कों पर गड्ढा मुक्ति का काम हो रहा है।
संजीव पुष्कर, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।