निचले स्तर तक पहुंचकर अपराध को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने अब वाट्सएप एंटी क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9454402817 जारी किया है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वह अपने गली मोहल्ले आदि में होने वाले अपराध, जुआ, सट्टा, अवैध शराब की बिक्री आदि के संबंध में फोटो और वीडियो सहित सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस का मकसद गली मोहल्लों में होने वाले अपराध को कुचलना है। इसके लिए जनता का सहयोग सबसे आवश्यक है। पुलिस जनता द्वारा दी गई सूचना पर मौके पर पहुंचेगी और दी गई सूचना की पुष्टि करेगी। इस नंबर पर आने वाली सूचनाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग होगी।
नंबर सातों दिन 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यह नंबर सिविल मामलों के लिए नहीं है। इसका मतलब नागरिकों के आपसी झगड़े या उनके आपस के विवाद के संबंध में इस नंबर का प्रयोग न किया जाए। गली मोहल्लों के अपराध के संबंध में ही इस नंबर का उपयोग किया जाए । एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि बेहतर तो यह होगा कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रकार की गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद करा दें। अगर जनता के माध्यम से उनके संज्ञान में इस तरह की गतिविधियां क्षेत्र में होती हुई पाई गई तो इसके लिए दोषी पुलिस कर्मियों को भी दंडित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अक्सर नागरिकों को गली मोहल्ले में होने वाली ऐसी गतिविधियों के कारण बहुत असुविधा होती है। लेकिन वह पुलिस तक इनको पहुंचाने में असहज अनुभव करते हैं। इस एंटी क्राइम हेल्पलाइन वाट्सएप नंबर से उनकी इस प्रकार की असहजता समाप्त होगी।