धनीपुर मंडी में मतगणना स्थल पर नारे लगाने पर भाजपा कार्यकर्ता डा. राजीव अग्रवाल पर लाठियां फटकारते पुलिस कर्मी।
- फोटो : Amar Ujala
‘एक ही नारा एक ही नाम... जय श्रीराम जय श्रीराम’, ‘ भारत में रहना होगा तो वंदे मातरम् कहना होगा’ के जयकारों की गूंज जैसे ही धनीपुर मंडी में मतगणना के दौरान गूंजी तो पुलिस का पारा चढ़ गया। पुलिस ने नारेबाजी कर रहे भाजपाइयों को लठिया कर दौड़ा लिया। इस क्रम में एक लाठी डॉ. राजीव अग्रवाल के सिर में लग गई, जिससे वहां माहौल गरमा गया। भाजपाई एसपी ग्रामीण पर मुकदमा व उन्हें बर्खास्त करने की मांग करते हुए वहीं धरने पर अड़ गए। बाद में एसएसपी के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मतगणना का रुझान आने के बाद भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता जा रहा था। अलीगढ़ की सातों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे थे। इससे भाजपा नेताओं का उत्साह सातवें आसमान पर था।
कोल एवं शहर विधान सभा क्षेत्र के मतगणना कक्ष के बाहर भाजपाई ‘भारत में रहना होगा, तो वंदे मातरम् कहना होगा’, जय श्रीराम, भारत माता की जय, वंदे मातरम् और मोदी-मोदी आदि के नारे लगाने लगे। भाजपाइयों को शांत कराने का प्रयास कर रहे पुलिस अधिकारियों की नहीं चली तो पुलिसकर्मियों ने भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को लठिया कर मतगणना कक्ष से दूर खदेड़ दिया। इस क्रम में एक पुलिसकर्मी ने डॉ. राजीव अग्रवाल के सिर पर लाठी दे मारी।
इससे भाजपाई गरमा गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा। भाजपा नेता मानव महाजन, पवन खंडेलवाल, सुबोध स्वीटी, जितेंद्र राना, मनीष राय, पुष्पेंद्र जादौन आदि पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए धरने पर बैठ गए। काफी देर तक एसपीआरए को गिरफ्तार करो, गुंडागर्दी नहीं चलेगी आदि नारे लगाते रहे।
बाद में एसएसपी राजेश पांडेय ने भाजपा नेताओं के पास पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। डॉ. राजीव अग्रवाल ने कहा कि अब तो वंदे मातरम् कहने पर सिर पर लाठी मारी जा रही है। बाद में पहुंचे सांसद सतीश गौतम ने राजीव अग्रवाल से कहा कि कल तक इंतजार करो।