उन्होंने कहा मुझे खुशी है कि बीते चार वर्षों में MSP पर खरीद के नए रिकॉर्ड बने हैं। गन्ने के भुगतान को लेकर भी जो परेशानियां आती थी, उन्हें लगातार कम किया जा रहा है।
संबोधन के दौरान पीएम बोले एक दौर था जब यहां शासन-प्रशासन, गुंडों और माफियाओं की मनमानी से चलता था। लेकिन अब वसूली करने वाले, माफियाराज चलाने वाले सलाखों के पीछे हैं।
पीएम ने कहा कोरोना के इस समय में देशभर के छोटे किसानों के खाते में सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक सीधे ट्रांसफर किए हैं। इसमें 25 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा यूपी के किसानों को मिले हैं।
पीएम मोदी बोले 2017 से पहले यूपी में गरीबों की हर योजना में रोढ़े अटकाए जाते थे, एक-एक योजना लागू करने के लिए दर्जनों बार केंद्र की तरफ से चिठ्ठी लिखी जाती थी, लेकिन यहां उस गति से काम नहीं होता था। ये 2017 से पहले की बात है। जैसे होना चाहिए था, वैसा नहीं होता था।
पीएम ने कहा, मुझे आज ये देखकर बहुत खुशी होती है कि जिस यूपी को देश के विकास में एक रुकावट के रूप में देखा जाता था, वही यूपी आज देश के बड़े अभियानों का नेतृत्व कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा समाज में विकास के अवसरों से जिन्हें दूर रखा गया, ऐसे हर समाज को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में अवसर दिए जा रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश की चर्चा बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और बड़े फैसलों के लिए होती है।
अलीगढ़ में ही रक्षा उत्पादन से जुड़ी डेढ़ दर्जन कंपनियां सैकड़ों करोड़ रुपये के निवेश से हजारों नए रोजगार बनाने वाली है। अलीगढ़ नोड में छोटे हथियार, आयुध, ड्रोन, एयरोस्पेस, मैटर कंपोनेंट्स, एंटी ड्रोन सिस्टम जैसे उत्पाद बन सकें, इसके लिए नए उद्योग लगाए जा रहे हैं।
आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के हर छोटे-बड़े निवेशक के लिए बहुत आकर्षक स्थान बनता जा रहा है। ये तब होता है जब निवेश के लिए जरूरी माहौल बनता है, जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। आज उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक बहुत बड़ा उदाहरण बन रहा है।
आज 21वीं सदी का भारत आज शिक्षा और कौशल के नए दौर की तरफ बढ़ चला है, तब मां भारती के ऐसे अमर सपूत के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण उन्हें सच्ची कार्यांजलि दी है। इस विचार को साकार करने के लिए योगी जी और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।
राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी सिर्फ भारत की आजादी के लिए ही नहीं लड़े थे, बल्कि उन्होंने भारत के भविष्य के निर्माण की नींव में भी सक्रिय योगदान दिया था। उन्होंने आपनी देश-विदेश की यात्राओं में मिले अनुभवों का उपयोग भारत की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वविद्यालय के लिए सीएम योगी और उनकी टीम की तारीफ की। उनका कहना था कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में इसका काफी योगदान रहेगा। उनका कहना था कि पहले हम सुरक्षा उपकरणों के लिए विदेशों पर निर्भर रहते थे लेकिन भविष्य में ऐसा नहीं होगा।
पीएम मोदी के संबोधन से उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के कामों पर एक बार फिर से मुहर लग गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह को याद किया और कहा कि देश के कई नायकों को भुला दिया गया। देश को ये पुरानी गलतियां सुधारनी होंगी। राजा महेंद्र प्रताप सिंह के जीवन से जीवटता सीखने की जरूरत है। वो भारत की आजादी के लिए जिस प्रकार से जुटे रहे वो आज भी लोगों को प्रेरणा देता है।
पीएम मोदी ने कल्याण सिंह को याद किया और कहा कि आज वो होते और इन विकास कार्यों को देखते तो काफी खुश होते। उनकी आत्मा को आज शांति मिल रही होगी। उन्होंने कहा भारत राष्ट्रभक्तों से भरा हुआ है।
पीएम मोदी ने लोगों को राधाष्टमी की बधाई दी और कहा कि हमारे लिए ये बड़ी बात है कि विकास के इन कार्यों की शुरूवात इस पवित्र दिन से हो रही है।
पीएम मोदी के इस दौरे को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे से काफी लाभ होगा।
पीएम मोदी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि का शिलान्यास कर दिया है। कुछ ही समय बाद अब वो जनता को संबोधित करेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कारण आज किसानों के जीवन में प्रगति होती दिखाई दे रही है। उन्होंने गन्ना किसानों से संबंधित जानकारी भी लोगों के साथ शेयर की।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ योजनाओं से संबंधित जानकारी दे रहे हैं और अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर के बारे में बता रहे हैं। इस परियोजना को पंद्रह सौ करोड़ की लागत से पूरा किया जाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हमारे बीच विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता मौजूद हैं। उनके माध्यम से आज हम यहां काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे। सीएम योगी ने कहा कि 75 करोड़ जनता को वैक्सीन देने का काम आज पूरी दुनिया देख रही है।
सीएम योगी आदित्यनाथ अब जनता को संबोधित कर रहे हैं। सभी के स्वागत के साथ ही उन्हाेंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
पीएम मोदी के मंच पर पहुंचने के बाद यूपी के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सभी की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए एक विशेष समय है। पीएम मोदी को अलीगढ़ की जनता की ओर से शुभकामनाएं।
प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंच चुके हैं। यहां से वह जनता को संबोधित करेंगे। अभी उनका स्वागत किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी अलीगढ़ पहुंच चुके हैं और वहां पर परियोजनाओं से संबंधित जानकारी सीएम योगी उन्हें दे रहे हैं।
इस आयोजन को लेकर तमाम तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी के कारण कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही आयोजन स्थल से दो किलोमीटर दूर लोधा कस्बे में जाम लग गया है। यहां सड़क पर वाहनों की लंबी कतार बन गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों में भारी उत्साह है। बसों की छत पर लोग सवार होकर आ रहे हैं। वहीं, लोधा तक बसों की लाइन लग गई है और निरंतर भीड़ बढ़ती जा रही है।
अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर नोड व राजा महेंद्र प्रताप विश्वविद्यालय के शिलान्यास का कार्यक्रम शुरू हो गया है। लोधा पर शुरू हुए इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आदि पहुंच चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी का इंतजार हो रहा है।