प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर मंगलवार को अलीगढ़ में दोपहर 12 से एक बजे तक तकरीबन एक घंटे तक ठहरेंगे। वह हेलीकॉप्टर से सीधे लोधा में बन रहे कार्यक्रम स्थल पर उतरेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा स्वागत उद्बोधन करेंगे।
इसके बाद यूपी डिफेंस कॉरिडोर अलीगढ़ नोड और स्व. राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय को विस्तार से बताते हुए दो फिल्मों का प्रदर्शन होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ इस वीडियो को देखने के बाद सभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी इसी क्रम में उक्त दोनों योजनाओं का बटन दबा कर शिलान्यास करेंगे।
शिलान्यास के बाद पीएम कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उद्बोधन के बाद वह तकरीबन एक बजे के आसपास प्रस्थान कर जाएंगे। प्रधानमंत्री का उक्त संभावित वीवीआईपी कार्यक्रम सोमवार को आया है। हालांकि, अधिकारिक रूप से इस संभावित कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की गई है।
मगर मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में जरूर इसी कार्यक्रम के अनुसार तैयारियों के निर्देश दिए हैं। इधर, डीआईजी दीपक कुमार व एसएसपी कलानिधि नैथानी इतना बताते हैं कि 14 को कार्यक्रम संभावित है। उसी अनुसार तैयारियां जारी हैं।