जिले में वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन ले रहे 20 फीसद से अधिक लोगों की पेंशन आधार कार्ड व मोबाइल फोन नंबर खाते से लिंक न होने की वजह से रुक गई है। ऐसे लोगों की मदद के लिए ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों को जिम्मेदारी दी गई है। जो ऐसे सभी पेंशनधारकों की सूची बनाकर उनके खाते अपडेट कराएंगे। शहरी क्षेत्र में जनसेवा केंद्र प्रभारी इस कार्य को करेंगे।
समाज कल्याण विभाग से वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन पाने वाले लाभार्थियों को अब अपने आवेदन के साथ आधार कार्ड को लिंक कराना होगा। अन्यथा उन्हें पेंशन की अगली किस्त नहीं मिल सकेगी। बैंक खातों के संचालन के लिए केवाईसी भी कराना अनिवार्य होगा। हालांकि इसके लिए अभी विभागीय स्तर से अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी ने बताया कि पेंशन लाभार्थियों के आधार लिंक कराए जाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में आधार कार्ड लिंक नहीं होने से समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली वृद्धावस्था पेंशन रुक सकती है।
जनसेवा केंद्र से भी कर सकते हैं आवेदन
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लाभार्थियों से कहा है कि वे पास के ही जनसेवा केंद्र पर जाकर अपने आवेदन को खुलवाकर उसे ऑनलाइन आधार कार्ड से लिंक करा लें। इसके अलावा बैंक खाते को भी केवाईसी जरूर करा लें। पेंशन पाने के लिए नये आवेदन करने वाले लाभार्थी भी आवेदन के साथ आधार कार्ड को लिंक अवश्य करा लें। आधार कार्ड लिंक नहीं कराने वाले पेंशन लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि का भुगतान नहीं हो सका है।
ग्राम पंचायत सहायक बनेंगे मददगार
वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशनरों के आधार कार्ड व मोबाइल फोन नंबर खाते से लिंक कराने को ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों को जिम्मेदारी दी गई हैं। जो ऐसे सभी पेंशनधारकों की सूचना बनाकर उनके खाते अपडेट कराएंगे। शहरी क्षेत्र में जनसेवा केंद्र प्रभारी इस कार्य को करेंगे।
- धनजय जायसवाल, डीपीआरओ