जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत इलाज होगा। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने यह आदेश जारी किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि किसी भी मरीज को इलाज के बिना नहीं लौटाया जाएगा। अगर, किसी के खिलाफ शिकायत मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आदेश दिया है कि जो मरीज खांसी, बुखार, जुकाम से पीड़ित हैं, उनको भर्ती किया जाए। खैर सीएचसी और इगलास स्थित मंगलायतन विवि के परिसर स्थित अस्पताल को कोविड अस्पताल के तौर पर संचालित किया जाए। अलीगढ़ जनपद में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी व प्राइवेट अस्पताल सभी प्रकार के मरीजों का कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज करेंगे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कोई अस्पताल मरीजों का इलाज करने से मना नहीं करेगा। नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी। छेरत एल-1 हॉस्पिटल में सभी व्यवस्था पूर्ण करते हुए अस्पताल को 24 घंटे के अंदर संचालित किया जाए।