जेएन मेडिकल कॉलेज में पहुंचे चंद्रशेखर आजाद।
- फोटो : CITY OFFICE
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रविवार दोपहर जब जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो उनके समर्थकों की भीड़ ने पुलिस से नोकझोंक के दौरान नारेबाजी शुरू कर दी। इस तरह नारेबाजी व भीड़ को देख कोविड व आईसीयू वार्ड में भरती मरीजों व तीमारदारों में खलबली मच गई। इस खबर पर एएमयू इंतजामिया भी हरकत में आ गया। देर रात इसे लेकर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जेएन मेडिकल कॉलेज में जिस आईसीयू वार्ड में चंदपा की बिटिया भरती है, उसी इलाके में कोरोना वार्ड भी है। रविवार दोपहर जब वे पहुंचे तो उनके पीछे समर्थक भी आ गए और जय भीम जय भीम के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर मरीजों में खलबली मच गई। लोग हैरान थे कि इतनी संख्या में कोरोना काल में भीड़ कॉलेज के आईसीयू तक कैसे पहुंच गई। इस दौरान जमकर कोविड नियमों की धज्जियां उड़ीं। हालांकि बाद में भीड़ को कॉलेज गेट से बाहर किया गया, तब जाकर पुलिस व कॉलेज के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसे लेकर एएमयू प्रॉक्टर का कहना है कि मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।
इधर, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस प्रमेंद्र कुमार के अनुसार मेडिकल के कोविड वार्ड के बाहर हुए इस घटनाक्रम को लेकर धारा 144 के उल्लंघन, महामारी अधिनियम, धारा 269 आदि के तहत चंद्रशेखर आजाद, पूर्व मंत्री चौ.महेंद्र सिंह, असद उर्फ हयात, राहुल सहित पहचाने गए 8 नामजदों पर 100-150 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी नाम सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के आधार पर पहचाने जाएंगे।