जंतर मंतर पर यूक्रेन से आए एमबीबीएस छात्रों के अभिभावक।
- फोटो : NOIDA
यूक्रेन-रूस युद्ध संकट के बीच भारतीय मेडिकल विद्यार्थियों को अब शेष शिक्षा भारत में ही पूर्ण कराने की मांग अभिभावकों ने दिल्ली जंतर-मंतर पर उठाई। इसमें अलीगढ़ जिले के विद्यार्थियों के अभिभावक भी शामिल हुए।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव पंकज धीरज ने बताया कि लगभग 16 राज्यों से पैरेंट्स एसोसिएशन ऑफ यूक्रेन एमबीबीएस स्टूडेंट्स के अध्यक्ष डॉ. आरबी गुप्ता के आह्वान पर पहुंचे अभिभावकों व विद्यार्थियों ने ऑपरेशन गंगा के लिए पीएम मोदी व भारत सरकार का आभार जताया है। डॉ. आरबी गुप्ता ने कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध में सब कुछ बर्बाद हो गया है। आमोद उपाध्याय व डॉ. मनवीर सिंह ने कहा कि कई नए मेडिकल कॉलेज में केवल प्रथम वर्ष की सीटें भरी गई हैं, जबकि द्वितीय वर्ष के बाद की सीटें अभी भी खाली हैं, जिनमें इन छात्रों की शिक्षा जारी रखी जा सकती है। मौके पर एसोसिएशन के सचिव प्रमोद कपूर, मनोज भारद्वाज, उमा गुप्ता, डॉ. संजय बेदी, डॉ. हरीश आदि मौजूद रहे। ब्यूरो