माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से वर्ष 2022 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन प्रक्रिया से होगा। बोर्ड परीक्षा में शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता, विश्वसनीयता, विधि व्यवस्था अक्षुण्ण रखने और नकल पर अंकुश लगाने के लिए मानक तय किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर जियो टैगिंग से निगाह रखी जाएगी।
डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के संबंध में मेरिट सूची तैयार की जाएगी और इसमें अंक दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों के मेरिट अंक समान होंगे, उनमें से जिस विद्यालय की हाईस्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होगी, उन्हें मेरिट सूची में वरीयता दी जाएगी। परीक्षा केंद्र में सुविधाओं के भौतिक सत्यापन के लिए डीएम की ओर से परीक्षा केंद्र का निर्धारण करने के लिए समिति बनेगी। समिति में संबंधित उप जिलाधिकारी अध्यक्ष होंगे। सदस्य डीएम द्वारा नामित अभियंत्रण विभाग के अभियंता, संबंधित तहसील के तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक या उनके द्वारा अधिकृत सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक या राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य होंगे। इसके लिए जनपदीय समिति का गठन होगा। समिति के अध्यक्ष डीएम, सदस्य सचिव जिला विद्यालय निरीक्षक, सदस्य बीएसए, जिस सब डिवीजन के परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर विचार किया जाए उसके उप जिलाधिकारी, जिले के दो वरिष्ठ प्रधानाचार्य होंगे।