मंडलायुक्त गौरव दयाल ने क्वार्सी एवं एटा चुंगी फ्लाईओवर का प्रस्ताव दोबारा से शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के प्रमुख मार्ग आगरा रोड, जीटी रोड व रामघाट रोड समेत अन्य मार्गों को गड्ढामुक्त करने तथा शहरी क्षेत्र में प्रकाश के लिए पर्याप्त मात्रा में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कहा है।
कमिश्नर गौरव दयाल सोमवार को कमिश्नरी सभागार में सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए तेजी से अभियान चलाया जाए। पीडब्लूडी को निर्देश दिए कि विभाग रमाडा होटल के सामने व क्वार्सी चौराहे से बरौली की सड़क को गड्ढामुक्त करें। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिले में 846 किमी सड़कों के सापेक्ष 300 किमी सड़कें गड्ढा मुक्त हो चुकी हैं। अन्य सड़कों पर काम तेजी से चल रहा है।
कमिश्नर ने शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़कों के चौड़ीकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित करते हुए सड़कों को तेजी से दुुरुस्त किया जाए। मंडलायुक्त ने आकस्मिक हादसों एवं घटनाओं को रोकने के लिए विभिन्न पुलों एवं फ्लाईओवर पर रेलिंग एवं बाउंड्रीवाल दुरुस्त करने के लिए कहा। मंडलायुक्त ने सासनीगेट से हाइवे तक जलभराव एवं उचित प्रकाश व्यवस्था न होने, रामघाट रोड पर पीएसी के निकट जलभराव एवं क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक न किये जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए। इस मौके पर बड़ी संख्या में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।