ग्राम पंचायत दादों में ग्राम निधि से बन रही सीसी रोड व नाली निर्माण की जांच के आदेश हो गए हैं। इस मामले में ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता घटिया है। सड़क किनारे के शुरुआती 50 मीटर हिस्से में गिट्टियां तक नहीं डाली गई हैं। नाली निर्माण में घटिया क्वालिटी की ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने पीडी डीआरडीए को जांच के आदेश दिए हैं।
ग्राम पंचायत दादों में नाला पुलिया से कलियान सिंह के घर तक की गली में साढ़े सात लाख की लागत से सीसी रोड व नाली निर्माण कार्य तीन अक्तूबर से आरंभ हुआ है। नालियों के कुछ हिस्से निर्माण तो हो चुका है। सीसी रोड भी बन रही है। ग्रामीण सुगढ़ पाल सिंह व मानपाल का आरोप था कि सीसी व नाली निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा घटिया गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। सीसी रोड निर्माण की शुरुआत के 50 मीटर के हिस्से में गिट्टियां तक नहीं डाली गई हैं। नाली निर्माण में भी घटिया क्वालिटी की पीली ईंटों का प्रयोग हो रहा है। इसकी शिकायत प्रधान व एसडीएम से की गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस समस्या को अमर उजाला ने भी 22 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सड़क व नाली निर्माण की गुणवत्ता की जांच के आदेश कर दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी पीडी डीआरडीए भाल चंद्र त्रिपाठी को दी है। मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि सीसी रोड का निर्माण चाहे जिस विभाग ने कराया हो, जांच कर उसे नोटिस भेजा जाए। गुणवत्ता खराब मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए।