करवाचौथ पर महिलाएं सुबह ही ब्यूटी पार्लर पहुंच गई और वहां पर उन्होंने व्रत की तैयारी की। वहां मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की कतार लगी रही । रेलवे रोड, रामघाट रोड, स्वर्ण जयंती नगर आदि जगहों पर मेहंदी लगवाने के लिए स्टॉल लगी रहीं । तमाम महिलाओं ने घरों पर भी मेहंदी लगवाई।
उपहार दिया तो छलक उठी खुशियां
करवा चौथ को लेकर हालांकि शहर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थी। लोगों द्वारा गिफ्ट खरीद लिए गए थे, मगर तमाम लोगों ने व्रत के समय पत्नियों को उपहार देकर उनकी खुशी दोगुनी कर दी । मोबाइल फोन, लैपटॉप, ज्वेलरी कपड़े आदि उपहार में दिए । इसके बाद परिवार के साथ मिलकर प्रसाद ग्रहण किया। बहुत से लोग रात नौ बजे के करीब होटल और रेस्टोरेंट में परिवार के साथ पहुंचे और वहां साथ में भोजन किया । देर रात तक यह सिलसिला जारी रहा ।
चंद्रमा के निकलते कि आसमान आतिशबाजी से गूंज उठा । शहर में चारों ओर आतिशबाजी की गूंज सुनाई देने लगी । शहर में कनवरीगंज, बारहद्वारी, दुबे का पड़ाव, महेंद्र नगर, सुरेंद्र नगर, स्वर्ण जयंती नगर, विक्रम कॉलोनी आदि जगहों पर जमकर आतिशबाजी हुई । ऐसा लगा कि जैसे मानों आज ही दीपावली हो। पटाखों को लेकर खासकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया । बच्चे देर रात तक आतिशबाजी करते रहें ।
जिला महिला कारागार में महिलाओं ने रखा करवा चौथ का व्रत
जिला महिला कारागार में महिला बैरक में निरुद्ध बंदियों में से करीब 45 महिला बंदियों द्वारा करवाचौथ का व्रत रखा और अपने पति की लंबी उम्र की कामना को लेकर उपवास रखा। महिला बंदियों द्वारा अपने हाथों में मेहंदी भी रचाई। शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देकर एवं पूजा-अर्चना कर अपने व्रत का समापन किया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वृजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिला कारागार प्रशासन द्वारा व्रत एवं त्योहार को लेकर विशेष व्यवस्था की गई थी।