आशीष श्रीवास्तव
पिकनिक स्पॉट की खोज में ग्रामीणों को शहर नहीं आना पड़ेगा। अब उनके गांव में ही पिकनिक स्पॉट उपलब्ध होगा। वर्तमान में जिले में 89 तालाबों पर काम चल रहा है। जल्द ही अन्य ग्राम पंचायतों में भी काम शुरू होगा।
जिले में मॉडल तालाब योजना शुरू हो गई है।
इस योजना में ग्राम पंचायतों में बने तालाबों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक यह तालाब गांव के घरों से निकले गंदे पानी, किनारे डलावघर और आवारा पशुओं के विचरण स्थल बने हुए थे। ग्रामीण इनका प्रयोग भैंसों को नहलाने में करते हैं। इससे तालाब का पानी तो दूषित व काई युक्त नजर आता ही था, इसमें पनपने वाले मच्छर तरह तरह की बीमारियों के वाहक बनते थे। जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि मॉडल तालाब योजना में सभी तालाबों की सफाई कराकर उन्हें मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक 89 ग्राम पंचायतों में तालाबों का जीर्णोद्घार काम चल रहा है।
इनलेट व आउटलेट की भी होगी सुविधा
अलीगढ़। मॉडल के रूप में विकसित तालाबों में इनलेट (पानी भरने) व आउटलेट (गंदे पानी की निकासी) की सुविधा भी होगी। यही नहीं तालाब के किनारों का भी सौंदर्यीकरण कराते हुए वहां पौधरोपण कराया जाएगा। बैठने के लिए बेंच आदि की व्यवस्था होगी। डीपीआरओ ने बताया कि कोशिश की जाएगी कि मॉडल तालाबों के पास ही बच्चा पार्क भी विकसित किए जाएं ताकि लोग अपने परिवार के साथ यहां आकर पिकनिक का आनंद उठा सकेें।