कोरोना महामारी का प्रकोप धीरे-धीरे कम होने के कारण अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाएं भी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही हैं। ओपीडी के बाद अब सभी ऑपरेशन थिएटर बुधवार से खोले जा रहे हैं। अब तक केवल इमरजेंसी मामलों और प्रसव के लिए ऑपरेशन थिएटरों का संचालन किया जा रहा था। अब सामान्य ऑपरेशन भी किए जाएंगे।
चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर हारिस एम खान ने कहा कि सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से कई प्रतिबंधों को हटाने की अनुमति देने के बाद यह कदम उठाया गया है। पिछले दिनों मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाओं को बहाल किया गया था। प्रत्येक कार्य दिवस में खुलने वाली ओपीडी में प्रतिदिन 150 मरीज तक देखे जा रहे हैं। जबकि निर्धारित दिन के अनुसार खुलने वाले विभागों की ओपीडी में सौ मरीज प्रतिदिन देखे जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन थिएटर शुरू होने से उन मरीजों को राहत मिलेगी, जो कई बीमारियों के उपचार के लिए ऑपरेशन का इंतजार कर रहे थे। इसमें ऑर्थोपेडिक, पथरी, मोतियाबिंद आदि के मरीजों की अच्छी खासी संख्या है।