अभी तक कोविन पोर्टल से कोविड-19 का सर्टिफिकेट डाउनलोड होता था। अब आप व्हाट्सएप पर भी आसानी से टीकाकरण का प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा के दौरान यह बहुत काम आएगा।
व्हाट्सएप पर कोविड प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने व्हाट्सएप नंबर 9013151515 जारी किया है, जिस पर संदेश भेजकर प्रमाण पत्र ही नहीं बल्कि कोविड-19 से जुड़ी अन्य जानकारियों भी प्राप्त कर सकते हैं।
कैसे करें इस्तेमाल
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके माथुर ने बताया कि प्रमाण पत्र व अन्य जानकारी हासिल करने के लिए व्हाट्सएप नंबर को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल के कांटेक्ट लिस्ट में मायजीओवी -एमवाईजीओवी- नाम से सेव करें। उसके बाद व्हाट्सएप पर जाकर नंबर पर हाय का संदेश भेजिए। उसके बाद आपके सामने एक से लेकर आठ तक के ऑप्शन आएंगे कि आप इनमें से किस तरह की जानकारी चाहते हैं। जो जानकारी चाहिए, उस नंबर को दर्ज करें। अगर हिंदी में जानकारी चाहते हैं तो उसकी भी सुविधा है। उसके लिए हिंदी टाइप करना पड़ेगा। डॉ. माथुर ने बताया कि रजिस्टर्ड मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड -ओटीपी- आएगा, जिसे दर्ज करने के बाद मांगी गई जानकारी या कोविड टीकाकरण का प्रमाण पत्र स्क्रीन पर होगा। एक मोबाइल नंबर से एक से अधिक लोगों ने टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है तो उसकी भी सुविधा है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान टीकाकरण का प्रमाण पत्र मांगा जा सकता है। इसलिए प्रमाण पत्र रखना बहुत जरूरी है।
क्या-क्या मिल सकता है जानकारी
- कोविड-19 का लक्षण है तो क्या करें
- टीकाकरण केंद्र, प्रमाण पत्र डाउनलोड
- कोविड पर नवीनतम अपडेट और उपयोगी अलर्ट
- पेशेवर सलाह और प्रतिरक्षा में सुधार के तरीके
- सहायता कहां से प्राप्त करें
- कोविड से जुड़े मिथक और सच्चाई
- टुगेदर वी कैन सक्सेज स्टोरीज एंड पॉजिटिव हारमोनीज
- कोरोना वायरस पर जानकारी, लक्षण और जोखिम कैसे कम करें