जमालपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) पर एएनएम रही निहा खान ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स सोसाइटी में कोरोना का टीका लगाने गई थी। दरअसल, कुछ प्रमाणपत्र पर टीका लगाने वाले में निहा खान का नाम दर्ज है। यहीं नहीं, कुछ लोगों के प्रमाणपत्र पर टीकाकरण का स्थल जमालपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी दर्ज है। अब जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
अलीगढ़ को आवंटित कोरोना टीका ग्रेटर नोएडा की जेपी ग्रीन्स सोसाइटी में रहने वाले लोगों को लगाया गया था। अमर उजाला द्वारा मुद्दा उठाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। बाद में इस मामले में नोएडा एवं अलीगढ़ के थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने विवेचना शुरू कर दी है। लाभार्थियों के प्रमाणपत्र पर टीका स्थल के रूप में नौरंगाबाद यूपीएचसी का नाम दर्ज है। कुछ प्रमाणपत्र पर जमालपुर यूपीएचसी का भी पता दर्ज है और टीका लगाने वाले के रूप में निहा खान (नेहा खान) का नाम अंकित है। प्रमाणपत्र पर टीका लगाने की तिथि 20 मई 2021 अंकित है। उस समय निहा खान जमालपुर यूपीएचसी पर एएनएम के पद पर तैनात थी। तब कूड़ेदान में इंजेक्शन फेंकने का मामला सामने नहीं आया था।
सीएमओ बने अंजान
सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी का कहना है कि निहा खान 20 मई 2021 को ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स सोसाइटी में टीका लगाने गई थी या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। टीका स्थल के रूप में जेपी ग्रीन्स सोसाइटी के बदले जमालपुर यूपीएचसी का नाम अंकित होने के संबंध में भी अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि अखबारों से मालूम हुआ है कि निहा खान के दस्तावेज फर्जी हैं। आमतौर पर हमलोग कर्मचारियों के दस्तावेजों का सत्यापन कराते हैं। फिलहाल निहा खान स्वास्थ्य विभाग में नहीं है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। कानून अपने हिसाब से काम करेगा।
फरार चल रही है निहा खान
जमालपुर यूपीएचसी पर 22 मई को वैक्सीन से भरी हुई 29 सिरिंज कूड़ेदान में पाई गई थीं। जांच में निहा खान दोषी पाई गई थी। वह लोगों के हाथ में सुई चुभोकर निकाल लेती थी। वैक्सीन बिना शरीर के अंदर पहुंचाए, हब काटकर सिरिंज कूड़ेदान में फेंक देती थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद संविदा पर तैनात एएनएम निहा खान की सेवा समाप्त कर दी गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी की ओर से 28 मई 2021 को निहा खान के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स सोसाइटी का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने निहा खान की खोजबीन शुरू कर दी है। निहा खान फरार है। थाना सिविल लाइन की टीम कासगंज एवं एटा में उनकी तलाश कर रही है।