जट्टारी में कमल के घर पर बन रहा शौचालय।
दो माह पहले ही विवाह कर कस्बे के मोहल्ला उत्तरी तीन विसा रेवाड़ियान में आई नवविवाहिता ने घर पर शौचालय न होने के चलते ससुराल छोड़ दिया और मायके चली गई। जाते हुए उसने पति व ससुर से साफ कहा कि घर पर शौचालय बनवा लेना तभी बुलाने के लिए आना। यह बात मोहल्ले में चर्चा का विषय बनते हुए कस्बा निवासी एक समाजसेवी के पास तक पहुंची। अब एक समाजसेवी की मदद से पीड़ित युवक के घर पर शौचालय का निर्माण हो रहा है।
खैर निवासी गज्जो पांच साल से परिवार के साथ कस्बे के मोहल्ला उत्तरी तीन विसा रेवाड़ियान में रह रहे हैं। आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। आर्थिक तंगी के चलते तीन साल पहले उनकी पत्नी की भी मौत हो चुकी है। दो माह पहले ही गज्जो ने अपने पुत्र कमल की शादी प्रयागराज के तकीपुर गांव निवासी खुशी के साथ की थी।
कमल के अनुसार शादी के कुछ दिन बाद ही खुशी ने उससे कहा कि अपने मायके में वह कभी शौच के लिए बाहर नहीं गई। यहां भी बाहर नहीं जाएगी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने से वह शौचालय नहीं बनवा सके। इस पर अपने परिवार वालों को बुलाकर खुशी मायके चली गई। जाते हुए कहा कि जब तक शौचालय नहीं बनेगा वह ससुराल नहीं आएगी। कमल के अनुसार उसकी परेशानी देखते हुए समाजसेवी प्रदीप बंसल की ने मदद की। वह शौचालय बनवा रहे हैं ताकि पत्नी वापस आ सके।