नवरात्र में माता की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा अब छोटे वाहनों में ही निकल सकेगी। भक्तों की संख्या सीमित रहेगी और इस दौरान कोविड नियमों का पालन करना होगा। यह निर्देश आगामी त्योहारों के संबंध मेें हुई समीक्षा बैठक में एडीएम सिटी ने दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर राकेश पटेल ने कहा कि नवरात्रि में पंडालों एवं दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना और फिर पूजा अर्चना संपन्न होने के उपरांत दशमी के दिन प्रतिमाओं का विसर्जन आरंभ हो जाता है। अफसर यह सुनिश्चित करें कि मूर्ति विसर्जन में यथा संभव छोटे वाहनों का प्रयोग हो एवं व्यक्तियों की संख्या न्यूनतम रहे। विसर्जन स्थल पर कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन डीपी पाल ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों व डीपीआरओ को निर्देशित किया कि वे नगरीय एवं देहात क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के धार्मिक जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही नगर निगम, विद्युत, पेयजल आदि विभागों के अधिकारी तथा धार्मिक समुदायों से पादरी, मौलवी, पुजारी एवं संभ्रात नागरिक उपस्थित रहे।