फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'वैश्य समाज का राजनीतिक भविष्य तय करेगा राष्ट्रीय अधिवेशन, मुख्य अतिथि के रूप में ओम बिरला होंगे शामिल'

Sat, 06 Feb 2021 12:44 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, अलीगढ़
विज्ञापन
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के पदाधिकारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, उनके समक्ष वैश्य समुदाय आबादी के अनुसार अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग उठाएगा। प्रदेश के नगर विकास मंत्री महेश गुप्ता के निर्देशन में कैलाश फार्म आगरा रोड पर होने वाले इस अधिवेशन को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता ने शुक्रवार को रामघाट रोड स्थित होटल आर्चिड ब्लू में पत्रकारों को संबोधित किया। छह फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा, जबकि सात फरवरी को राष्ट्रीय अधिवेशन होगा।
विज्ञापन


उन्होंने यूपी के पूर्व सीएम स्व. सीबी गुप्ता के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस दौर में वैश्य समाज के विधायकों की संख्या सर्वाधिक थी, कई जिला परिषदों के अध्यक्ष भी वैश्य हुआ करते थे। अब ऐसा नहीं है। प्रदेश में तकरीबन 16 फीसदी की आबादी और सर्वाधिक राजस्व देने के बाद भी ये समाज 36 विभागों के इंस्पेक्टरों की तानाशाही झेल रहा है।

कहीं सुनवाई नहीं हो रही है क्योंकि इसकी राजनीतिक भागीदारी कम हुई है। वर्तमान में प्रदेश में 24 विधायक और दो सांसद वैश्य समुदाय से हैं। प्रदेश के लगभग 110 विधानसभा क्षेत्रों में वैश्य समुदाय की आबादी 20 हजार से अधिक होने के बाद भी राजनीतिक दल उनको तरजीह नहीं दे रहे हैं। ऐसे में तीस साल पुराना अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद अपने हक की लड़ाई लड़ेगा और उचित महत्व हासिल करेगा।
विज्ञापन


राष्ट्रीय महासचिव मानव महाजन ने कहा कि अधिवेशन में देश के 19 राज्यों से राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी और सदस्य अधिवेशन में शामिल होने आ रहे हैं। आगरा रोड के गेस्ट हाउसों में उनको ठहराने का इंतजाम किया गया है। पत्रकार वार्ता में पूछा गया कि क्या वैश्य समाज केवल भाजपा से ही टिकट मांगेगा या अन्य दलों से भी उसकी अपेक्षाएं हैं..? इस पर सुमंत गुप्ता ने जवाब दिया कि सभी दलों में सक्रिय वैश्य समुदाय के लोग टिकट मांगने के हकदार हैं।

सुमंत गुप्ता ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के प्रमुख रहे और राम मंदिर आंदोलन के प्रणेता अशोक सिंघल को मरणोपरांत भामाशाह सम्मान से नवाजा जाएगा। उनके लिए भारत रत्न की मांग उठेगी। संगीतकार रवींद्र जैन, फिल्मी कलाकार भारत भूषण, पूर्व सीएम स्व. सीबी गुप्ता को भी मरणोपरांत भामाशाह सम्मान प्रदान किया जाएगा। ये सम्मान उनके परिजनों को दिया जाएगा। इसी तरह अलीगढ़ का नाम रोशन करने वाले टीकाराम परिवार, डा. पन्नालाल, धर्म समाज कॉलेज, उदय सिंह जैन, बाबूलाल जैन, देवत्रय हॉस्पिटल, तुलसी प्रसाद अग्रवाल सहित 23 प्रमुख वैश्य हस्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान उनकी वर्तमान पीढ़ी को दिया जाएगा।

सम्मेलन में वैश्य समुदाय के सभी जनप्रतिनिधियों, विधायकों, सांसदों, पूर्व जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया है। इस दौरान ओजोन सिटी के सीएमडी प्रवीण मंगला, पंकज धीरज, राजेंद्र कोल, गौरव हरकुट, अंशुल गुप्ता, प्रमीत कसेरे, प्रदीप गंगा, पवन खंडेलवाल, संजीव वार्ष्णेय, अतुल गर्ग, प्रीति वार्ष्णेय, विष्णु भैया, कमल गुप्ता आदि मौजूद रहे।

आज चुनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
अलीगढ़। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष का द्विवार्षिक चुनाव आगरा रोड स्थित इंद्र कमल गेस्ट हाउस में शनिवार को होगा, जिसमें देश के 1500 मतदाताओं के शामिल होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय एवं प्रांतीय संगठनों के पदाधिकारी और आजीवन सदस्य ही वोट डाल पाएंगे। चुनाव अधिकारी पूर्व कबीना मंत्री राधेश्याम गुप्ता (फतेहपुर), आगरा के मेयर नवीन जैन और धर्मप्रकाश गुप्ता (कानपुर) को बनाया गया है। अलीगढ़ के इतिहास में राष्ट्रीय अधिवेशन पहली बार हो रहा है, जिसमें चुनाव कराया जा रहा है। 

ओम बिरला का स्वागत करेगा माहेश्वरी समाज
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने आ रहे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत माहेश्वरी समाज भी करेगा। आगरा रोड स्थित सादानी ग्रुप की फैक्टरी में उनका जोरदार स्वागत होगा। वहां महेश वंदना होगी और लोकसभा अध्यक्ष को पारंपरिक साफा बांध कर विशिष्ट सम्मान किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को माहेश्वरी समाज की एक बैठक इसी फैक्टरी में हुई, जिसमें शामिल हुए गिर्राज गोदानी ने बताया कि राजस्थान से साफा बांधने वालों को बुलाया गया है।

लोकसभा अध्यक्ष को अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा अलीगढ़ से मिलवाया जाएगा। अलीगढ़ में उनके आने का कार्यक्रम महासभा की राष्ट्रीय इकाई ने तय कराया है। बैठक में विनीत केला, संजीव गोदानी, राम कुमार सादानी, विजय पचीसिया, अमन राठी, राकेश मोहता, रघुवंश राठी, प्रदीप माहेश्वरी एलएंडपी, योगेश माहेश्वरी, सुधीर हरकुट, अजय माहेश्वरी एडवोकेट, नरेंद्र पोलू, मनीष चांढक, नवनीत माहेश्वरी छर्रा वाले, गोपाल माहेश्वरी अतरौली आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें