कार्रवाई करती हुई नगर निगम की टीम स्रोत नगर निगम
किशनपुर में नगर निगम की कार्रवाई, नगर आयुक्त ने दी रोजाना जुर्माना लगाने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
अलीगढ़। नालियों में गोबर और गंदगी बहाना किशनपुर के एक डेयरी संचालक को भारी पड़ गया। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए डेयरी संचालक से 33 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही भविष्य में गंदगी फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और प्रवर्तन टीम ने किशनपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। जांच के दौरान नालियों में गोबर और गंदगी बहाकर सफाई व्यवस्था बाधित करने के मामले में यह कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि गोबर और पशु अपशिष्ट नालियों में बहाने से जल निकासी बाधित होने के साथ दुर्गंध और गंदगी की समस्या पैदा होती है। डेयरी संचालक गोबर का उचित निस्तारण करें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माने के साथ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार नहीं करने वाले संचालकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक बिशन सिंह और नगर निगम की प्रवर्तन टीम मौजूद रही।