भाजपा सांसद सतीश गौतम के संग भी गौरव के फोटो वायरल
- फोटो : CITY OFFICE
सासनी की घटना में मुख्य आरोपी गौरव सोंगरा उर्फ रुद्राक्ष पंडित के भाजपा नेताओं संग फोटो भी देर रात सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। गौरव की फेसबुक पर बेशक उसने खुद को सपा नेता बता रखा है। मगर देर रात वायरल फोटो में कई कार्यक्रमों में वह सांसद अलीगढ़ सतीश गौतम, छर्रा विधायक रविंद्रपाल सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश नेता ओबीसी आयोग के सदस्य चौ.नत्थी सिंह आदि के साथ वायरल हो रहे हैं। इन फोटो को लेकर सोशल मीडिया पर टीका-टिप्पणी की जा रही हैं। ये सभी फोटो किसी न किसी आयोजन में साथ खींचे गए हैं।
इस विषय में जब पूछा गया तो सांसद सतीश गौतम ने कहा कि गौरव सोंगरा समाजवादी पार्टी का नेता है। वह जातीय सम्मेलन में कहीं साथ रहा हो और फोटो खिंचवा लिया हो। इस तरह के सम्मेलनों में सभी दलों के नेता आते हैं। ऐसे अपराधियों से हमारा कोई वास्ता नहीं है, जो दोषी है, उसे सजा मिले। मौत के बदले मौत। वरिष्ठ नेता नत्थी सिंह कहते हैं कि हम तो व्यक्तिगत रूप से उसे जानते भी नहीं हैं। हो सकता है कि किसी कार्यक्रम में कभी फोटो खिंचवा लिया हो। ऐसे में क्या कहा जा सकता है।