महानगर के कोतवाली क्षेत्र से लापता युवक की हत्या उसकी मां के प्रेमी ने कर दी थी। हत्या कर शव लोधा क्षेत्र में फेंका गया था। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। अब पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए साजिश की आरोपी मां सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
सीओ प्रथम प्रशांत कुमार के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के नगला आशिक अली निवासी 25 वर्षीय दीपक 23 जनवरी को बल्लभगढ़ से लौटते समय गायब हो गया था, जिसकी गुमशुदगी 26 जनवरी को छोटे भाई अर्जुन की ओर से दर्ज कराई गई। गुमशुदगी में कहा था कि उसका भाई बल्लभगढ़ में प्राइवेट नौकरी करता है। वहीं पत्नी के साथ रहता था। छुट्टी लेकर आ रहा था और गायब हो गया।
31 जनवरी को इसे अपहरण में तरमीम कर जांच शुरू हुई तो जांच में पता चला कि बल्लभगढ़ से आते समय दीपक ने अपनी मां सर्वेश देवी को फोन किया था। इस पर मां ने मोहल्ले के ही बॉबी को बेटे को रिसीव करके लाने को कहा था। इस पर बॉबी अपने दोस्त बबलू व पिता बांके संग खेरेश्वर चौराहे पर गया। वहीं दीपक को बस से उतारकर उसे शराब पिलाकर उसकी ल्हौसरा लोधा के पास डंडे से पीटकर हत्या कर शव खेत में छिपा दिया।
इसके बाद बॉबी पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। जाने से पहले पूरा वाकया दीपक की मां को बताकर गया। इस मामले में पुलिस ने बबलू, सर्वेश देवी व बांके को गिरफ्तार कर लिया है। साथ में बबलू की निशानदेही पर कंकाल रूपी शव भी बरामद किया गया है। इस खुलासे में इंस्पेक्टर कोतवाली रविंद्र सिंह व उनकी टीम शामिल रही है।