दो हजार से अधिक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। विधायक दल की बैठक में जनपद के निर्वाचित सभी विधायक शामिल हुए।
योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। जनपद के दो हजार से अधिक नेता एवं कार्यकर्ता इसके साक्षी बनेंगे। जिले से 1700 एवं महानगर से करीब 500 नेता एवं कार्यकर्ताओं को पास उपलब्ध कराया गया है। बस, ट्रेन एवं निजी वाहन से लोग लखनऊ जा रहे हैं।
जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा ने बताया कि पांच विधानसभा क्षेत्र (अतरौली, बरौली, खैर, इगलास एवं छर्रा) से 1700 कार्यकर्ता जा रहे हैं। पार्टी के निर्देशानुसार सेक्टर, मंडल से लेकर अन्य पदाधिकारियों को पास उपलब्ध कराया गया है। डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता एवं साधू संत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। महानगर के महामंत्री वैभव गौतम ने बताया कि महानगर (शहर एवं कोल विधानसभा क्षेत्र) से करीब 500 नेता एवं कार्यकर्ताओं को पास उपलब्ध कराया गया है। रात्रि से लेकर सुबह तक लोग बस एवं निजी वाहन आदि से रवाना होंगे। कुछ लोग ट्रेन से लखनऊ रवाना हो गए हैं। शपथ ग्रहण के दिन मंदिरों में भजन-कीर्तन एवं पूजन आदि का आयोजन किया जाएगा।
विधायक दल की बैठक में हुए शामिल
नवनिर्वाचित विधायक संदीप सिंह, ठाकुर जयवीर सिंह, अनिल पाराशर, मुक्ता राजा, रवेंद्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी एवं अनूप प्रधान लखनऊ में आयोजित विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह भी विधायक दल की बैठक में मौजूद थे।
ऋषिपाल भी लखनऊ रवाना
भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह भी देर शाम लखनऊ के लिए रवाना हो गए। कलेक्ट्रेट से प्रमाणपत्र मिलने के बाद वह अवंतिका फेज 2 स्थित आवास आवास पर पहुंचे। वहां पर काफी संख्या में प्रशंसक पहले से मौजूद थे। फूल माला पहनाकर चौधरी ऋषिपाल सिंह का स्वागत किया। उसके बाद वह निजी वाहन से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।