कोरोना संक्रमण को देखते हुए आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांगों को घर बैठे मतदान की सुविधा दी जाएगी। अनुमान के मुताबिक जिले में 12 हजार से अधिक दिव्यांग मतदाता हैं, जबकि 60 हजार से अधिक बुजुर्ग मतदाता हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से इनकी सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में जिले में 2635129 मतदाता हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार के मुताबिक, बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता घर बैठे मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मगर, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट डालने की सुविधा मिलेगी या फिर कोई और व्यवस्था की जाएगी। जैसा भी आदेश में स्पष्ट होगा, उसी के हिसाब से कार्मिकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए चुनाव आयोग की ओर से यह फैसला लिया गया है। अब 1500 के बजाय 1200 मतदाताओं पर एक पोलिंग बूथ बनाने के भी निर्देश हैं, जिन पोलिंग सेंटर पर बूथों की संख्या अधिक है, वहां से इन्हें दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए कहा गया है। बूथ निर्धारण करते समय इस बात का खास ध्यान रखा जाएगा कि एक घर में रहने वाले परिवार के सभी सदस्यों का मतदान एक ही केंद्र पर हो।