जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष मजहर उल कमर ने राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी द्वारा आयोजित होने वाली प्रदर्शनी स्पोर्ट्स के नाम पर धन का बंदरबांट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रदर्शनी स्पोर्ट्स कमेटी के संस्थापक सदस्य होने के नाते मंडलायुक्त को पत्र लिखकर इसमें हस्तक्षेप करने की मांग की है।
मजहर ने कहा कि इस वर्ष प्रदर्शनी स्पोर्ट्स के कार्यक्रम विलंब होने के कारण प्रदर्शनी स्पोर्ट्स के 8 से 10 लाख रुपये का बंदरबांट हो, उससे अच्छा है कि उस धन से गरीब बेटियों की शादी या गरीब खिलाड़ियों की आर्थिक सहायता की जाए। वर्ष 2012 में प्रदर्शनी में प्रदर्शनी स्पोर्ट्स शुरू हुआ था। प्रदर्शनी के उद्घाटन के 15 दिन पहले ही कौन-कौन से खेलों का आयोजन किस तिथि में होना है, उसका कैलेंडर जारी हो जाता था और महत्वपूर्ण चौराहों पर आयोजन का बोर्ड लग जाया करता था, लेकिन इस वर्ष एक हफ्ते से अधिक नुमाइश बीतने के बाद भी अभी तक खेल का कोई कैलेंडर और तिथि जारी नहीं हुई है।
मजहर ने कहा कि प्रदर्शनी स्पोर्ट्स के नाम पर लाखों रुपये धन की स्वीकृति के बाद भी खेल आयोजन तिथि इसलिए नहीं जारी हो पा रही है कि किस जनप्रतिनिधि के वफादार को कितना धन आवंटित किया जाए। प्रदर्शनी स्पोर्ट्स के सदस्य व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि आरोप बेबुनियाद है। प्रदर्शनी स्पोर्ट्स की तैयारियां चल रही हैं ।