लंबे इंतजार के बाद ओजोन सिटी-सिंधौली मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण में घटिया ईंट को लगाने पर छर्रा विधायक रवेंद्र पाल सिंह ने आपत्ति दर्ज की है। इसकी शिकायत उन्होंने लोकनिर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से की है।
अलीगढ़ में ओजोन सिटी-सिंधौली मार्ग की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह ने कहा है कि सड़क के बराबर में जो ड्रेन की दीवार बनाई जा रही है उसमें घटिया ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। विधायक ने लोकनिर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से इसकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता पर भी उंगली उठाई है।
विज्ञापन
छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि सड़क के बराबर से बह रहे जोफरी ड्रेन के किनारे दीवार बनाई जा रही है। इस दीवार में घटिया पीली ईंट लगाई जा रही है। बिना नींव बनाए ही गिट्टी व मिट्टी डाली जा रही है। बरसात में इस ड्रेन में अत्यधिक पानी बहता है, ऐसे में कमजोर दीवार ढह जाएगी और सड़क धंस जाएगी।
विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य के समय विभाग का कोई भी अवर अभियंता या सहायक अभियंता मौके पर नहीं रहता है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता निर्माण खंड-1 को इस बाबत कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।