महानगर के किशनपुर इलाके से छोटी दीपावली पर पत्नी को उसके मायके शक्ति नगर ले गए युवक की हत्या कर दी गई। चार दिन से लापता युवक की लाश रविवार को तहसील के पीछे गड्ढों में मिली है। बेटे को खोजते फिर रहे परिवार को जब बेटे की हत्या की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। पिता ने बेटे के ससुरालियों पर प्रेम विवाह से चिढ़कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने ससुर-साले को हिरासत में ले लिया है।
मूल रूप से सासनी, हाथरस के इंदल सिंह लंबे समय से प्रतिभा कॉलोनी में किराये पर रहते थे और एक कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड नौकरी करते हैं। दो पत्नियों से उनके छह संतानें हैं, जिनमें से दूसरी बीवी के सबसे बड़ा बेटा 25 वर्षीय राहुल वाल पुट्टी करता था। राहुल का शक्तिनगर की गैर बिरादरी की युवती अंजली से प्यार परवान चढ़ गया और दस माह पहले अंजली व राहुल ने प्रेम विवाह कर लिया। उस समय अंजली के परिवार ने मुकदमा भी दर्ज कराया। मगर, बालिग अंजली की सहमति के कारण उसका परिवार कुछ न कर सका। राहुल के पिता इंदल सिंह के अनुसार उसी समय अंजली के परिवार ने यह एलान कर दिया था कि जिस दिन राहुल शक्ति नगर इलाके में दिख जाएगा, उसी दिन उसे मार देंगे।
इस एलान के बाद से इंदल सिंह अपने पूरे परिवार बेटा व बहू को लेकर किशनपुर में रहने लगे। पिता के अनुसार, अंजली का मायके आना जाना नहीं था। मगर छोटी दीपावली के दिन राहुल ने ही कहा कि चलो तुमको तुम्हारी चाची के घर शक्ति नगर घुमा लाऊं। इस पर वे दोनों शक्ति नगर के लिए निकल गए और राहुल ने अंजली को चाची के घर छोड़ दिया। अंजली के मुताबिक, वह वहां से यह कहकर निकल आए कि कल लेने आऊंगा। इसके बाद न तो राहुल लौटा और न उसका मोबाइल मिला। उसी दिन से एक तरफ अंजली और दूसरी तरफ राहुल का परिवार उसकी खोज में जुट गए। गोवर्धन पूजा के दिन देहली गेट थाने में गुमशुदगी की तहरीर अंजली की ओर से दी गई। इसके बाद अंजली अपनी ससुराल आ गई।
इधर, रविवार दोपहर बन्नादेवी पुलिस को तहसील के पीछे गड्ढों में शव पड़ा होने की खबर मिली। इस पर राहुल के परिवार को बुलाया गया तो उन्होंने उसे पहचान लिया। वह राहुल का शव था। ऐसा लग रहा था कि उसकी ईंटों से सिर कुलचकर हत्या की गई है। इसके बाद शव पोस्टमार्टम केंद्र में रखवा दिया। पिता ने शादी से चिढ़कर राहुल की हत्या में अंजली के पिता नरेश, भाई लकी व लकी के दोस्त जीतू को नामजद किया। पुलिस जांच में भी इस बात के साक्ष्य मिले कि राहुल की ससुरालियों ने ही हत्या की है। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर शाम को नरेश व लकी को हिरासत में लेकर देर रात पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी थी। जीतू अभी फरार है।
-प्रेम विवाह करने वाले युवक की हत्या कर शव फेंका गया था। उसकी पहचान हो गई और हत्या का मुकदमा ससुरालियों पर लिखवाया गया। हत्या ससुरालियों द्वारा किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। ससुर व साले को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ जारी है। सोमवार को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।-मोहसिन खान, सीओ द्वितीय