धनीपुर मिनी एयरपोर्ट का उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। धनीपुर मिनी एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने सोमवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह और एसएसपी कलानिधि नैथानी पहुंचे। निर्माण कार्यों को डीएम ने परखा तो एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने बताया कि एयरपोर्ट पुलिस चौकी शुरू हो गई है, दो पुलिस गारद तैनात कर दी गई हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि हर हाल में 10 जुलाई तक काम पूरा कर लिया जाए। कहा कि अब कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं।
डीएम और एसएसपी ने बीएसएनएल की टेलीफोन लाइन डालने का काम, रन-वे, एप्रेन, टैक्सी-वे, टर्निंग पेड, पार्किंग, सब स्टेशन, फायर स्टेशन, एटीसी टावर, मेन गेट सिक्योरिटी, एटीसी, सीसीटीवी और एक्सरे मशीन, टर्मिनल बिल्डिंग आदि का निरीक्षण किया। सभी कार्य ठीक पाए गए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ अंकित खंडेलवाल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक दूरसंचार एनके सागर, राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर हरिओम शर्मा, नागरिक उड्डयन विभाग के संजीव सक्सेना आदि मौजूद रहे।