महानगर के रोरावर थाना क्षेत्र के महफूज नगर में महिला की छह दिन पहले संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले में मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। इसे लेकर दर्ज मुकदमे के आधार पर इलाका पुलिस ने जिलाधिकारी की अनुमति पर रविवार को शव कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूल रूप से मथुरा राया के भूड़ासानी के शमशुद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सात साल पहले उसने अपनी बेटी सलमा का निकाह महफूज नगर के सलमान संग किया था। शुरुआत से ही ससुराल पक्ष दहेज में बुलेट बाइक को लेकर उसे तंग करते थे। बेटी की बात और उत्पीड़न को देखते हुए मायके पक्ष ने पिछले दिनों टीवीएस बाइक भी दामाद को दिलवा दी, मगर उसे बेच दिया और फिर से बुलेट बाइक की मांग करते हुए सलमा का उत्पीडऩ शुरू कर दिया गया। इस बीच सलमा ने तीन बच्चियों को भी जन्म दिया।
आरोप है कि 30 अगस्त को ससुरालियों ने 28 वर्षीय सलमा की गला दबाकर हत्या कर दी और बिना किसी को खबर दिए बीमारी का नाम देकर शव कब्रिस्तान में दफना दिया। मायके पक्ष के अनुसार सलमा की मौसी सबरीन किसी काम से सलमा से मिलने गई तो उसे सलमा की मौत की जानकारी हुई। इस सूचना पर मायके पक्ष के लोग यहां आए, मगर तब तक शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था।
जब मायके पक्ष के लोग घर पहुंचे तो ससुराली गायब मिले। इस पर शमशुद्दीन ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरा वाकया बताया और दामाद सलमान, जेठ रमजानी, बादशाह, शकील, ससुर बाबू खां, सास मुन्नी देवी आदि सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मामले में मुकदमे के आधार और सलमा के पिता के अनुरोध पर जिलाधिकारी से शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति ली गई।
रविवार को शव कब्र से निकलवाया गया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे। दोपहर में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस मौके पर काफी भीड़ कब्रिस्तान में मौजूद रही। सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह के अनुसार अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय होगा। फिलहाल सभी आरोपी सलमा की तीनों बच्चियों के साथ गायब हैं।