यहां से अवैध शराब पीकर बीमार हुए लोगों को एंबुलेंसों से जिला अस्पताल भेजा गया। इसी बीच पता चला कि गांव के बाहर आईओसी बाटलिंग प्लांट पर आने वाले कंटेनरों के दो चालक लापता हैं। उन्हें पुलिस ने खोजा तो वे अपने कंटेनेरों में बेसुध पड़े थे। उन्हें भी अस्पताल भिजवाया गया। इसके अलावा इलाके के गांव नंदपुर पला, राइट, हैवतपुर से भी शराब पीकर बीमार होने की खबरों पर वहां से भी बीमारों को अस्पताल भिजवाया गया। इसी तरह गभाना के गांव सांगौर से भी एक बीमार को अस्पताल भेजा गया। अस्पताल से इनमें से 9 लोगों की मौत हो गई।
इधर, कुछ घंटों बाद जवां इलाके के गांव छेरत में भी तीन लोगों की इसी तरह से शराब पीने से मौत की खबर मिली। वहां से भी तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस तरह दोपहर होते-होते पोस्टमार्टम केंद्र पर 12 शवों के आने पर तमाम ग्रामीण और सियासी जमावड़ा लग गया। दोपहर में एडीजी जोन राजीव कृष्ण भी अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने मौका देखा और अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार लोगों का हाल जाना। साथ में जिला स्तर पर शासन की मंशा के अनुरूप प्रकरण में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इधर, डेढ़ दर्जन लोग लोगों का जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जा रहा है। इनमें से कई लोगों को आंखों से न दिखाई देने की शिकायत है। इस मामले में एसएसपी ने बताया कि जिले के एक बडे़ शराब कारोबारी रालोद नेता अनिल चौधरी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं भाजपा से जुड़े जवां के निवर्तमान ब्लाक प्रमुख पति ऋषि शर्मा व विपिन यादव फरार हैं, जिन पर इनाम घोषित किया गया है। वहीं डीएम ने मामले में एडीएम प्रशासन को मजिस्टेटी जांच सौंप दी है। घटना से प्रदेश स्तर पर हायतौबा मची हुई है। सीएम ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- जिले लोधा, जवां व खैर इलाकों में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हुई है। कुछ लोग बीमार भी हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। प्रकरण में अब तक जिन 5 शराब ठेकों से शराब खरीदे जाने की जानकारी मिली है, उनको सीज कर उनसे सैंपल संकलित कर जांच को भेजे हैं। साथ में ग्रामीणों द्वारा खरीदी गई शराब की शीशियों में शेष शराब भी मिली है, उन्हें भी जांच के लिए भेजा है। बाकी मजिस्ट्रेटी जांच कराई जा रही है, आरोपियों की तह तक पहुंचने का काम पुलिस स्तर से किया जा रहा है, हर संभव उचित व ठोस कार्रवाई की जाएगी। -चंद्रभूषण सिंह डीएम