टप्पल में यमुना पट्टी के ग्रामीणों पर शुक्रवार को खादर की जमीन पर कब्जे को लेकर हुए हमले की घटना में पुलिस ने हरियाणा के पूर्व मंत्री पलवल सहित किसानों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फिर से हरियाणा किसानों के हमलावर होने के इनपुट पर बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी देहात अतुल शर्मा के अनुसार गांव माजरा मालव राम गढ़ी के भरत की तहरीर पर करन दलाल निवासी किठवाड़ी, पलवल (हरियाणा) रिषी चौधरी, छीतर, पप्पू, सुखवीर, जवाहर निवासी मालव, उदल, राजकुमार,ए कन्हैया, बल्देव, वासी, चंद्रभान, देवो, सतवीर, उदयसिंह व 250-300 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमे में आरोप है कि मौके पर भरत सिंह आदि लोगों की 500 बीघा संक्रमणीय भूमि है। जिस पर शुक्रवार को नामजदों व आरोपियों ने 10-12 ट्रैक्टर व कई जेसीबी, हथियार आदि लेकर ने हमला बोला और जमीन पर कब्जा करते हुए सब्जी की फसल जोत दी।
विरोध पर फायरिंग कर मारपीट कर दी। बाद पुलिस ने पहुंच कर बचाया। एसपी देहात ने बताया कि सीमा के अलावा दोनों गांवों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दिया गया है। बता दें कि करन दलाल हरियाणा में कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं।
खैर के सीमा विवाद में शासन को भेजी रिपोर्ट
यूपी-हरियाणा सीमा विवाद को लेकर शुक्र्तवार को हुई घटना के बारे में जिलाधिकारी ने शासन को पूरी रिपोर्ट भेजी है। इसके साथ ही उन्होंने शासन से अनुरोध किया है कि वह हरियाणा शासन से वार्ता करें और सीमा विवाद सुलझने तक किसी भी प्रकार से जमीन पर कब्जे की कोशिश न की जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे मामले से पलवल डीएम को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जमीन के विवादित होने की जानकारी नहीं थी।
बता दें कि रामगढ़ी गांव में सौ बीघा जमीन पर कब्जा करने के लिए हरियाणा के पूर्व मंत्री सहित एक बस हरियाणा पुलिस के जवान, मंत्री के साथ के लोग लाव लश्कर, जेसीबी, असलाहों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने खैर के कुछ किसानों पर फायरिंग भी कर दी। इसके बाद खैर के किसानों की ओर से भी फायरिंग की गई है। मामले की जानकारी होते ही सीओ खैर और एसडीएम खैर प्रशासनिक-पुलिस अमले के साथ पहुंच गई थीं।