उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अतरौली पहुंचे। तय कार्यक्रम के मुताबिक यहां वे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करने आए थे। बता दें, केएमवी इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम के समर्थन में यह जनसभा आयोजित की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अलीगढ़ की बात आने पर कल्याण सिंह का सुशासन याद आता है। उन्हीं के सुशासन की प्रेरणा से हम प्रदेश में सुशासन कायम करने में कामयाब हुए हैं।
उन्होंने कहा आज देश में मोदी के नाम का शोर है, दुनिया भी यह मान चुकी है और दुनिया कहती है कि भारत में मोदी का कोई विकल्प नहीं है। सपा, कांग्रेस और बसपा सहित सभी दलों के समय जो नामुमकिन था वह मोदी के समय में मुमकिन है।
इसके अलावा योगी बोले सपा-बसपा ने शिक्षा को बर्बाद किया, किसानों को बिजली नहीं दी, प्रदेश में गुंडा राज और भ्रष्टाचार का राज कायम रहा। आज प्रदेश में किसानों को बिजली की कमी नहीं, किसान ऋण माफ किया गया। प्रदेश में बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेस का निर्माण किया जा रहा है जिससे पूर्वांचल की ओर बुंदेलखंड के लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
कांग्रेस की सरकार में कहा जाता था कि देश के पैसे पर सबसे पहला अधिकार मुसलमानों का है लेकिन देश में भाजपा सरकार आने पर देश के पैसे पर पूरे देश की जनता का अधिकार है। सबका साथ सबका विकास की नीति है।
हमको सतीश गौतम जैसा जुझारू सांसद चाहिए। अलीगढ़ मुस्लिम विश्व विद्यालय अल्पसंख्यक विद्यालय नहीं है। फिर भी वहां एस सी, एस टी को आरक्षण नहीं दिया जाता। मुख्यमंत्री योगी ने कहा अलीगढ़ मुस्लिम विश्व विद्यालय में देश के विभाजन के जनक जिन्ना की तस्वीर लगी है।
सीएम योगी ने कहा ऐसी लड़ाई को लड़ने के लिए सतीश का जीतना जरूरी है। अबकी बार फिर मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है, इसलिए कमल के फूल पर मोहर लगाना है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कांग्रेस के समय में चीन भारत में घुसपैंठ करता था और पाकिस्तान के सैनिक हमारे देश के सैनिकों के सिर काटकर ले जाते थे लेकिन आज चीन को डोकलाम से पीछे हटना पड़ा और पाकिस्तान की हिमाकत नहीं रही।