तहसील खैर में प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर आवेदक से रिश्वत मांगने का ऑडियो व वीडियो वायरल होने पर जट्टारी- खंडेहा के लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने बताया कि खैर तहसील के गांव खंडेहा निवासी सतीश चंद्र ने ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था।
आरोप है कि हल्का लेखपाल जुगेंद्र सिंह ने छह हजार रुपये मांगे। इसका वीडियो व ऑडियो भी वायरल हुआ था। इस प्रकरण में नायब तहसीलदार खैर से जांच कराई गई तो शिकायत सही पायी गई। यह सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के खिलाफ है। लेखपाल के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण तहसील की छवि धूमिल हुई है। इसको लेकर लेखपाल जुगेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।