एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर वार्ड का निर्माण किया जाएगा। विशेष सुविधाओं से लैस यह वार्ड ट्रामा सेंटर में बनाया जाएगा। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के आने की स्थिति में उनका उपचार इस वार्ड में किया जाएगा। हालांकि अभी तक कोई भी कोरमा संक्रमित मरीज जेएन मेडिकल कॉलेज में नहीं आया है, लेकिन आपदा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह कदम पहले से ही उठाया जा रहा है।
कोरोना वायरस के संक्रमण की दस्तक अलीगढ़ जिले की सीमा तक हो चुकी है। बुलंदशहर में अब तक तीन मामले कोरोना संक्रमण के सामने आ चुके हैं, तो वहीं शनिवार को पड़ोसी जिले हाथरस में चार ताजा मामले कोरोना वायरस संक्रमण के सामने आए। आगरा में पहले से ही संक्रमण का एक केस प्रकाश में आ चुका है। इन सब हालातों को देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज में अभी से पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।