एएमयू के कोर्ट के पूर्व सदस्य व आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष परवेज अली खान ने कहा कि लगता है कि भाजपा सांसद सतीश गौतम ने एएमयू छात्रसंघ भवन में लगी जिन्ना की तस्वीर को स्वीकार कर लिया है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एएमयू के शताब्दी वर्ष पर होने वाले ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
परवेज ने कहा कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन प्रशंसनीय है। अलबत्ता, हिंदुत्व के कट्टर समर्थकों ने सस्ती लोकप्रियता के लिए अलीगढ़ के भाईचारा, अमन-चैन को पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
उन्होंने कहा कि वह सांसद से सवाल करते हैं कि छात्रसंघ भवन में लगी जिन्ना की तस्वीर अब हट गई है या नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उन्होंने उस तस्वीर को स्वीकार कर लिया। परवेज ने कहा कि एएमयू इंतजामिया को भी यह ख्याल रखना चाहिए कि किसी भी सूरत में यह शिक्षण संस्था किसी के व्यक्तिगत या राजनीतिक स्वार्थ पूर्ति का केंद्र न बनने पाए।