मंदिर में टूटी पड़ी मूर्तियों को देखते अधिकारी। विज्ञप्ति
- फोटो : CITY OFFICE
कस्बा मडराक स्थित पथवारी मार्ग के पास प्राचीन शिव मंदिर में सोमवार तड़के कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ करते हुए शिव परिवार की मूर्तियों को खंडित कर डाला। पूजा-अर्चना को पहुंचे पुजारी व श्रद्धालुओं ने मूर्तियों को खंडित देखा तो उनमें आक्रोश पैदा हो गया। यहां अराजक तत्वों ने एक पत्र भी छोड़ा है। बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी आ गए और कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आगरा रोड पर जाम भी लगा दिया। वे खंडित मूर्तियों को बदलवाने व दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे। किसी तरह पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
कस्बा मडराक में पथवारी मार्ग के निकट प्राचीन शिव मंदिर है। मंदिर में कस्बे की ही आशा देवी साफ-सफाई करती हैं। सोमवार तड़के वे मंदिर में पहुंचीं तो वहां शिव परिवार से जुड़ी कुछ मूर्तियां टूटी पड़ी मिलीं। तभी पूजा-अर्चना को वहां कुछ श्रद्धालु भी आ गए। मूर्तियों को खंडित देखकर उनका गुस्सा भड़क उठा। इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से लोग व श्रद्धालु आ गए। उन्होंने वहां हंगामा करते हुए आगरा रोड पर जाम लगा दिया। हंगामे की खबर पर कोल विधायक अनिल पाराशर के अलावा सीओ इगलास सर्किल के थानों की फोर्स के साथ आ गए। उन्होंने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और करीब एक घंटे बाद जाम को खुलवाया।
सबका मालिक एक है
सीओ इगलास अशोक कुमार के अनुसार अराजक तत्वों ने मंदिर में एक पत्र भी लिखकर छोड़ा है। जिसमें लिखा है कि मैं इस बूथ को तोड़ने जा रहा हूं, जो अपनी मदद नहीं कर सकते वे तुम्हारी क्या मदद करेंगे। सबका मालिक एक है। सीओ ने बताया कि मामले में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खंडित की मूर्तियों के स्थान पर नई मूर्तियां मंगाकर मंदिर में स्थापना की तैयारी की जा रही है।