सासनी गेट क्षेत्र के मोहल्ला कबीर नगर पला साहिबाबाद में पत्नी के अवैध संबंधों में बाधक मजदूर की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। दो दिन से लापता मजदूर का शव बरामद करने के साथ ही पुलिस ने आरोपी पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार, कबीर नगर के 26 वर्षीय चेतन ने मोहल्ले की नेहा से परिवार के विरोध के बावजूद तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। दंपती के दस माह का एक बच्चा भी है और ये मोहल्ले में ही किराये पर रहने लगे थे। चेतन मोहल्ले की एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। पुलिस की जांच व परिवार के आरोपों के अनुसार, कुछ समय पहले इस फैक्टरी के स्वामी दीपक से नेहा के संबंध हो गए। जानकारी पर चेतन ने विरोध करना शुरू कर दिया। 19 मई को चेतन ने नेहा को यह धमकी दी थी कि अगर उसने दूरी नहीं बनाई तो वह दीपक को मार देगा। नेहा ने यह बात दीपक को बताई।
आरोप है कि 19 मई की शाम को दीपक अपने दो अन्य कर्मचारियों रवि व पिंटू को लेकर चेतन के घर गया और वहां उसे धमकाया। 20 मई की सुबह चार बजे फैक्टरी की भट्ठी चालू करने के बहाने चेतन को बुला लिया। कुछ देर बाद नेहा भी फैक्टरी पर पहुंच गई। पुलिस खुलासे के अनुसार, उसी दिन दीपक, नेहा, रवि व पिंटू ने मिलकर चेतन को बेरहमी से पीटा और फिर रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर उसका शव बोरे में बंद कर दुर्घटना दिखाने के मकसद से पला फाटक के पास रेलवे पटरी पर फेंक दिया। यह शव पुलिस ने 21 मई को बरामद किया था।
इधर, 21 मई को चेतन का भाई कालू व अन्य परिजन अपने भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे। उन्होंने बताया छह भाइयों में सबसे बड़ा चेतन हमसे 100 मीटर दूरी पर किराये पर रहता था। मगर वह 20 मई से गायब है। उसकी पत्नी व फैक्टरी संचालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे। इस पर पुलिस ने पला फाटक पर मिले शव की पहचान कराई तो उसकी पहचान कालू ने अपने भाई चेतन के शव के रूप में कर ली। परिवार ने पूरा वाकया पुलिस को बताया।
इस पर पुलिस ने तत्काल दीपक व नेहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो भेद खुल गया। साथ में रवि व पिंटू को भी हिरासत में ले लिया। रात भर हुई पूछताछ के बाद उन्होंने हत्या करना स्वीकारा। इंस्पेक्टर सासनी गेट पंकज मिश्रा के अनुसार, यह हत्या दीपक व चेतन की पत्नी के रिश्तों के विरोध में चारों ने मिलकर की है। कालू की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में अभी दीपक के अन्य चार भाई फरार हैं, उनको भी तलाशा जा रहा है। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।