जेलों में इलाज के अभाव में होने वाली बंदियों की मौत पर शासन स्तर से संज्ञान लिया गया है। शासन द्वारा यूपी की सभी 76 जेलों को हाईटेक एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। अगले तीन माह के अंदर यह एंबुलेंस अलीगढ़ सहित सभी जेलों को मिल जाएंगी। इसकी कवायद पूरी की जा चुकी है। लगभग पचास लाख रुपये की एंबुलेंस अत्याधुनिक तकनीक से लेस है। इनमें जीवन रक्षक दवाओं से लेकर जरूरी लाइफ सपोर्ट सिस्टम भी होगा। जिससे इलाज में देरी के कारण बंदियों की मौतों पर अंकुश लगाया जा सके।
यूपी की सभी जेलों में बड़ी संख्या में बंदी बीमार चल रहे हैं। गंभीर बीमार बंदियों को समय समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया जाता है। ऐसे में उन्हें जर्जर एंबुलेंस से इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा जाता है। समय से इलाज न मिलने पर कई बार बंदी रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शासन ने प्रदेश की जेलों में हाईटेक एंबुलेंस देने की पहल की है, जिसमें अलीगढ़ भी शामिल है।
यह सुविधाएं मिलेंगी
एंबुलेंस में वेंटिलेटर, ईसीजी, ऑक्सीजन सिलेंडर, नेबुलाइजर के साथ आईसीयू सुविधाएं मौजूद रहेंगी। ऐसे में गंभीर रूप से बीमार बंदी को तत्काल लाइफ सपोर्ट सिस्टम मिल सकेगा। जिससे उसकी जान बचाई जा सकेगी।