पति ने हनीमून पर की पत्नी को मारने को कोशिश
- फोटो : Social Media
महानगर के देहली गेट इलाके के बनिया पाड़ा की युवती ने अपने पति पर हनीमून के बहाने दार्जिलिंग ले जाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दार्जिलिंग के एक होटल में मारपीट की और गंगटोक की पहाड़ियों से ढकेलने की कोशिश की। वहां की लोकल पुलिस की मदद से बचकर घर लौटी युवती ने पति सहित ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता मुस्कान वार्ष्णेय पुत्री राजकुमार वार्ष्णेय निवासी बनियापाड़ा की शादी छह माह पहले एटा जिले की नगर कोतवाली इलाके की ठंडी सड़क निवासी रिशव वार्ष्णेय पुत्र विजय कुमार के साथ हुई थी। पति और ससुर प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारी हैं। मुस्कान का आरोप है कि पति क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी और नशा करने के कारण काफी बदनाम है। उससे हरकतें बंद करने की बात कही तो मारपीट कर दहेज की मांग करने लगा। 22 मार्च को वह हनीमून के बहाने गंगटोक ले गया। साथ में ननद-ननदोई भी चले।
आरोप है कि ननद की शह पर पति ने उसे पहाड़ियों से ढकेलने का प्रयास किया। उस वक्त लोकल पुलिस और पर्यटकों की मदद से अपनी जान बचाई। इसके बाद पति दार्जिलिंग ले आया और उसने होटल में भी मारपीट कर दी। वहां भी पुलिस आ गई। उनकी मदद से जान बचाकर वापस लौटी।
युवती के अनुसार इसके बाद भी पति के साथ रहने को तैयार हो गई। मगर, पति मारपीट से बाज नहीं आया। हारकर मामले में देहली गेट पुलिस को तहरीर दी है। देहली गेट इंस्पेक्टर इंद्रेश कुमार के अनुसार युवती के पति रिशव वार्ष्णेय, ससुर विजय कुमार, सास नीलम वार्ष्णेय, ननद दीपशिखा, लड़के की बुआ डौली वार्ष्णेय और शादी कराने वाले बिचौलिया और ससुरालियों के रिश्तेदार प्रदीप वार्ष्णेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।