मडराक थाना क्षेत्र की आसना चौकी के पास बुधवार की रात एक बाइक सवार को ट्रैक्टर-ट्राली ने रौंद दिया। जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाते समय घायल की मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक फरार हो गया।
मोहम्मद खान (50) पुत्र बाबू खां निवासी दौलरा, मडराक मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक रात को वह परचून का सामान लेने बाइक से खेड़िया गांव जा रहे थे। आसना चौकी के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद वह मोहम्मद खान को घायल हालत में छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। इधर, पुलिस उन्हें घायल हालत में जिला अस्पताल ला रही थी। रास्ते में उनकी मौत हो गई। वह तीन बेटी और तीन बेटों के पिता थे। इंस्पेक्टर मडराक के अनुसार परिजनों ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कै मरों की फुटेज खंगाल रही है।