थाना क्षेत्र में पनैठी गंगीरी रोड पर गांव शेखा स्थित नहर के पास रविवार शाम एक निजी बस ने बाइक सवार पिता-पुत्र को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
क्वार्सी के मोहल्ला किशनपुर निवासी रामू पुत्र खेमचंद रविवार शाम अपने बेटा चिंटू के साथ बाइक पर सवार होकर अलीगढ़ से कासगंज की ओर जा रहा था। रास्ते में पनैठी गंगीरी रोड पर गांव शेखा के पास नहर पुल पर सामने से आ रही एक निजी बस ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 48 वर्षीय रामू की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा उनका 12 वर्षीय बेटा चिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस ने बताया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस व मृतक की बाइक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आने आगे की कार्रवाई की जाएगी।