न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को कार सवार ने लिफ्ट देकर छेड़छाड़ कर दी है। यह बात जब महिला ने अपने परिजनों को बताई तो परिजनों ने कार चालक की जमकर धुनाई की है।
बुधवार की दोपहर को मुरसान क्षेत्र का निवासी युवक स्कॉर्पियो कार से गांव दर्शना चौकड़ा से वापस मुरसान आ रहा था। रास्ते में एक महिला ने उससे मुरसान तक के लिए लिफ्ट मांग ली। इस दौरान स्कार्पियो चालक ने उसे अपने पास बिठा लिया। महिला का आरोप है कि पहले तो युवक उससे उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा।
जब महिला ने मोबाइल नंबर देने से इंकार कर दिया तो युवक महिला से छेड़छाड़ करने लग गया। जिसके चलते महिला विरोध करते हुए वह गाड़ी से उतर गई। यह बात जब उसने अपने परिजनों को बताई तो परिजन कुछ देर बाद ही चालक के घर पहुंच गए। यह देख मौके पर काफी हंगामा हो गया। इसी दौरान महिला के परिजनों ने स्कॉपियो चालक युवक की जमकर पिटाई कर दी। बाद में स्कार्पियो चालक व उसके पिता ने महिला व उसके परिजनों के पैर छूकर माफी मांगी। तब जाकर मामले को शांत किया गया। संवाद