अलीगढ़ में कृषि विभाग के लिए सिरदर्द बनी टिड्डी के प्रकोप से अधिकारी किसानों को बचाने के लिए हर दिन नई गाइडलाइन जारी कर अनेकों उपाए सुझा रहे हैं। टिड्डी के संबंध में अधिकारियों का कहना है कि वह तेज आवाज से डरकर भागती है। जैसे ही अगर कही तेज आवाज में डीजे पर गाने बज रहे होते हैं तो वहां से तत्काल उड़ जाती है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजेश कुमार के मुताबिक पाकिस्तान से उड़ते हुए पंजाब और राजस्थान के जरिए भारत में प्रवेश करने वाली टिड्डी की अलीगढ़ में टप्पल के रास्ते आने की संभावना है। मंगलवार से पूरे टप्पल ब्लाक की हरेक न्याय पंचायत में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टिड्डी तेज आवाज से काफी डरती है। अगर, टिड्डी आती दिखे तो तेज आवाज में गाने बजाने के साथ ही ढोल-नगाड़े बजाकर भी उसको भगाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने चेताया कि टिड्डी दिन में खाती है और रात में अंडे देती है। इन अंड्डों से 15 से 20 दिन में बच्चे निकलने शुरू हो जाते हैं। टिड्डी यह प्रक्रिया करने में सफल रही तो किसानों के लिए आफत हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो किसानों को सुझाव है कि वह अगले ही दिन खेत की जुताई कर उसमें पानी भर दें, जिससे की अंड्डों से बच्चे न निकल सकें।