तालों और हार्डवेयर के परंपरागत उद्योग के साथ ही तालानगरी अब फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। करीब 11 माह की अवधि में यहां कई तरह के स्वादिष्ट नमकीन, कचरी, टोस्ट, ब्रेड, बिस्किट, आटा और नैपकिन बनाने की छोटी-बड़ी 20 इकाइयां लग चुकी हैं।
इन कंपनियों का महीने का टर्नओवर 10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। प्रदेश सरकार की ओर से फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को मिल रहा 35 फीसदी का बेहतरीन अनुदान और खाद्य पदार्थों की जबरदस्त मांग से यह कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।
उद्योग के क्षेत्र में जनपद की पहचान तालों और हार्डवेयर के उत्पादों से होती है। अब इसमें फूड प्रोसेसिंग इकाइयां भी शामिल हो रही हैं। इनमें से कुछ इकाइयों में अत्याधुनिक पैकिंग मशीनें भी लगाई गई हैं। यहां पर बनने वाला माल अलीगढ़ सहित आसपास के जनपदों में भेजा जा रहा है।
अलीगढ़ नमकीन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अनुसार तालानगरी में नमकीन की दो, कचरी बनाने वाली दो बड़ी और बाकी छोटी इकाइयां हैं। शहर में सात जगहों पर स्थापित इकाइयों में नमकीन का बड़ी मात्रा में उत्पादन हो रहा है। शहर में नमकीन को उद्योग के रूप में स्थापित करने की शुरुआत 1970 के दशक में हुई थी जिसका श्रेय कुंजीलाल को जाता है। नंदलाल, बब्बू, डब्बू, एवन और बीआर चौधरी ने इसको आगे बढ़ाया।
- ओडीओपी योजना के तहत ताला फैक्टरी लगाने पर मशीनरी में 25 फीसदी तक अनुदान मिलता है। वहीं, फूड प्रोसेसिंग यूनिट में यह अनुदान 35 फीसदी तक है। दूसरा, खाद्य पदार्थों की मांग बहुत है, इसलिए बिक्री अच्छी है। तालानगरी में ताला और हार्डवेयर से संबंधित 700 इकाइयां हैं। इस लिहाज से फूड प्रोसेसिंग उद्योग शुरुआती दौर में माना जा सकता है। - सूर्य प्रकाश यादव, उपायुक्त उद्योग
- अभी तक नमकीन का उत्पादन केवल शहर की कुछ इकाइयों तक सिमटा था। अब तालानगरी में बड़ी इकाइयों की स्थापना हो रही है, जिससे कारोबार आगे बढ़ रहा है। - सुनील बंसल, अध्यक्ष अलीगढ़ नमकीन मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन
- तालानगरी में नमकीन, बिस्कुट, कचरी, टोस्ट, ब्रेड और आटा बनाने की छोटी-बड़ी लगभग 20 इकाइयां संचालित हैं जिनका महीने का टर्नओवर 10 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है। - - बीआर चौधरी, महामंत्री अलीगढ़ नमकीन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन
- प्रदेश सरकार फूड प्रोसेसिंग मशीनों में 35 फीसदी तक का अच्छा अनुदान दे रही है। इससे इस उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है और नई इकाइयों की स्थापना हो रही है।
-सुनील दत्ता, महामंत्री तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन।