गांव बढ़ौली में गांव चलो अभियान के तहत 10 अप्रैल को भाजपा का प्रवास कार्यक्रम हुआ। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने एसडीएम मो. अमान, बीडीओ वेदप्रकाश व अन्य अधीनस्थ अधिकारियों के साथ गांव में कई स्थानों पर चौपाल लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं।
इसमें अवैध कब्जा, पेंशन व आवास नहीं मिलने, नाली और खड़ंजा नहीं बनने की शिकायतें सबसे ज्यादा रहीं। राज्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी गांवों में कैंप लगाकर समस्याओं का निस्तारण करें। दफ्तरों में बैठकर ही काम नहीं होगा। गांवों में जनता के बीच जाने से समस्या हल होगी। चौपाल में जो शिकायतें आईं हैं, उनका निस्तारण किया जाए। पात्रों की सूची बनाएं और उनके लिए जो भी योजना बेहतर हो, उसका लाभ दिलाएं।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख केहर सिंह राजपूत, एडीओ पुष्पेंद्र सिंह, सचिव ललित मोहन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी, मंडल अध्यक्ष होमेंद्र राजपूत, डॉ. रामेश्वर सिंह, उदयपाल लोधी, कीरतपाल, नरेंद्र राजपूत, शिवाजी, प्रवीन, दीपक लोधी, भगवती प्रसाद, सन्नी बजाज, नीरज वार्ष्णेय, गगन शर्मा मौजूद रहे।
महिलाएं बोलीं-एक साल से नहीं मिल रही वृद्धावस्था पेंशन
गांव बढ़ौली निवासी अशरफी देवी, प्रेमवती देवी, चैनवती देवी समेत कई महिलाओं ने बताया कि एक साल से एक हजार रुपये महीने मिलने वाली वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही। इस पर संदीप सिंह ने बीडीओ से कहा कि एडीओ समाज कल्याण और सचिव को भेजकर कैंप लगवाएं। सत्यापन कर रुकी हुई पेंशन चालू कराएं। अन्य गांवों में भी कैंप लगवाए जाएं। पेंशन, आवास आदि समस्याओं का निस्तारण कराएं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।