गौरव को एसडीएम सदर और नगर पालिका अध्यक्ष बधाई देते हुए
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस के सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र गौरव गौड़ को पीएम बॉक्स में बैठकर गणतंत्र दिवस की परेड को देखने का मौका मिला है। गौरव अपने माता-पिता के साथ गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। सोमवार सुबह एसडीएम सदर और नगर पालिका अध्यक्ष ने उसके निवास पर जाकर बधाई दी है। बता दें गौरव ने सीबीएसई की दसवीं परीक्षा में जनपद में टॉप किया था।
वहीं इस बार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2021 के लिए चयनित बच्चों के नाम की घोषणा हो चुकी है। इसमें से उत्तर प्रदेश के पांच बच्चों का चयन किया गया है। यूपी के जिन बच्चों का चयन राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए हुआ है उनमें लखनऊ के व्योम आहूजा, गौतमबुद्ध नगर के चिराग भंसाली, बाराबंकी के कुंवर दिव्यांश सिंह, अलीगढ़ के मोहम्मद शादाब और प्रयागराज के मोहम्मद शामिल हैं।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र मोहम्मद शादाब ने केनेडी-लूगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी स्कॉलरशिप के जरिए बेलफास्ट एरिया हाईस्कूल, अमेरिका में पढ़ाई की थी। 97.6 फीसदी अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया था। यूनिवर्सिटी के मिंटो सर्किल से कक्षा नौ की पढ़ाई करके शादाब ने स्कॉलरशिप के जरिये बेलफास्ट एरिया हाईस्कूल में दाखिला लिया था। उसे स्कॉलरशिप में 28 हजार अमेरिकी डालर मिले थे।
शादाब ने बताया कि फरवरी 2020 में उसे स्कूल में स्टूडेंट ऑफ द मंथ भी चुना गया था। शादाब ने कहा कि उनकी अम्मी जरीना बेगम व अब्बू अरशद नूर पढ़े-लिखे नहीं हैं, जबकि बड़े भाई समद नूर बीसीए की पढ़ाई कर चुके है। छोटी बहन अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज में पढ़ रही है। शादाब को अमेरिकी सरकार की स्कॉलरशिप एक साल की मेहनत के बाद मिली थी, जब वह कक्षा नौ में पढ़ रहा था, तब उसका चयन ऑल इंडिया एक्सेस प्री इंग्लिश कैंप मुंबई के लिए हुआ था। कैंप में अमेरिकन ट्रेनर टॉम ने केनेडी-लूगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी स्कॉलरशिप के बारे में जानकारी दी थी।