कोहरे में हादसा, दूध वाहन से टकराए वाहन
- फोटो : अमर उजाला
कोहरे के चलते शनिवार की सुबह जीटी रोड से यमुना एक्सप्रेस-वे तक वाहन एक-दूसरे से टकराए। यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों के टकराने से एक बस और दो कारों में आग लग गई। एक्सप्रेस-वे पर ही एक अन्य जगह वाहन टकराए। इन हादसों में आठ लोग घायल हुए जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं एक रोडवेज बस जीटी रोड किनारे पलट गई। इसमें भी कई यात्री चोटिल हुए हैं।
टप्पल प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार की सुबह करीब सात बजे टप्पल इंटरचेंज पर आगरा की ओर से नोएडा की ओर जा रही रोडवेज बस को कैंटर ने ओवरटेक किया तभी बस के आगे चल रही दूध की मैक्स गाड़ी कोहरे में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बस पीछे से मैक्स से जा भिड़ी। उसके पीछे बलेनो और उसके पीछे से स्विफ्ट कार भी टकरा गई। इस टक्कर से रोडवेज बस, बलेनो और स्विफ्ट कार में आग लग गई। इससे इन वाहनों में सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। वाहनों से निकलकर लोग दूर भागे। यमुना एक्सप्रेस-वे पर ही आगरा की ओर करीब 400 मीटर आगे टूर एंड ट्रैवल्स की बस के चालक ने कोहरे के कारण अचानक ब्रेक लगाया तो पीछे चल रही कार बस से टकरा गई।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए दोनों हादसों में घायल
शिवप्रसाद राम पुत्र सूबेदार राम निवासी हनुमान मंदिर नोएडा, राजपाल पुत्र दूधनाथ निवासी श्रीकांतपुर थाना देवगांव आजमगढ़, राजनीत गौतम पुत्र दुर्भास गौतम निवासी श्रीकांतपुर थाना देवगांव आजमगढ़, सुनील पुत्र मीता निवासी उमारी गणेशपुर भोपालपुर आजमगढ़, विनय पुत्र नरेश निवासी शाहदरा दिल्ली, धर्मेंद्र अग्रवाल पुत्र ताराचंद अग्रवाल निवासी लोहिया नगर थाना न्यू आगरा, योगेंद्र सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी अवाखेड़ा नौहझील मथुरा, चंदन कुमार पुत्र बालकिशन निवासी 25 सराय पीपल थल्ला आदर्श नगर दिल्ली समेत आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को जेवर के कैलाश हास्पिटल में भर्ती कराया है। इनमें से तीन गंभीर घायल आईसीयू में बताए गए हैं।