81 लाख रुपये के गबन के आरोप में बिजली विभाग के अमरौली विद्युत उपकेंद्र के कैशियर को गिरफ्तार कर लिया गया है। कैशियर के खिलाफ जवां थाने में मुकदमा दर्ज है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने एफआईआर में कहा कि र्साइं धाम कॉलोनी तालसपुर बम्बा निवासी अजय कुमार पुत्र स्व. फीकरचंद्र (टीजी- टू) जवां थाना क्षेत्र के अमरौली विद्युत उपकेंद्र पर कैशियर के रूप में अप्रैल 2019 से मई 2021 तक तैनात रहे। वर्तमान में वह निलंबित चल रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं से प्राप्त करीब 81 लाख रुपये नेफ्ट-आरटीजीएस के माध्यम से जमा हुई दर्शाई गई है, जिसकी पुष्टि काउंटर कलेक्शन रिपोर्ट से होती है, जिसमें प्रदर्शित यूटीआर संख्या का कैशबुक एवं बैंक में कही भी उल्लेख नहीं है।
इसकी वजह से विभागीय राजस्व खाते में प्रदर्शित एवं जमा नहीं हुई है, जो कि गबन की श्रेणी में आता है। एफआईआर दर्ज होने के बाद जवां पुलिस ने कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है।