राम बरात को लेकर दो समुदाय में मारपीट
- फोटो : सोशल मीडिया
15 अक्तूबर शाम को अलीगढ़ के चंडौस में निकाली गई श्रीराम बरात शोभा यात्रा का रास्ता रोकने को लेकर दो समुदाय के लोग भिड़ गए। दूसरे समुदाय के लोग बरात का रास्ता रोकने के लिए सड़क पर लेट गए। जिनको हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसके विरोध में दूसरे समुदाय की ओर से पथराव किया गया। जिसे पुलिस ने सख्ती से नाकाम कर दिया। इससे कस्बे में अफरातफरी मच गई। पथराव कर रहे लोगों ने शोभायात्रा के साथ चल रहे एक युवक के सिर में फरसा मारकर उसे घायल कर दिया।
डीएम इंद्रविक्रम सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कोतवाली पहुंच कर लोगों से बात कर उन्हें शांत किया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। एसएसपी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं, जिसके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई होगी। फिलहाल कस्बे में शांति है। घायल युवक को उपचार दिलाया जा रहा है।
शोभा यात्रा टंकी मोहल्ला होते हुए जैसे ही खैर अड्डे स्थित कुरैशियान मस्जिद के पास पहुंची, तभी एक समुदाय के युवकों ने मस्जिद के सामने भीड़ लगाकर रास्ता रोक लिया। उनका कहना था कि बरात शोभायात्रा का रास्ता यह नहीं है। इसलिए इसे यहां नहीं गुजारा जाएग। इसका शोभायात्रा में चल रहे युवाओं ने विरोध किया। इस पर दोनों तरफ खींचातानी होने लगी। इसी दौरान एक समुदाय के युवक ने शोभा यात्रा में चल रहे विष्णु कुमार को लोहे का सरिया और फरसा मारकर घायल कर दिया।
इससे वहां की स्थिति बिगड़ने लगी। पुलिस-पीएसी ने बलपूर्वक भीड़ को तितर-बितर कर दिया। भीड़ से कुछ युवाओं ने पत्थर भी चलाए। मामला कुछ शांत होने पर शोभा यात्रा को पुलिस सुरक्षा में आगे बढ़ाया गया। घटना के बाद श्रीराम बरात व रामलीला कमेटी से जुड़े लोगों ने कोतवाली का घेराव कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। देर रात तक कोतवाली में हंगामा चलता रहा। इस बीच डीएम और एसएसपी भी चंडौस पहुंच गए। उन्होंने पूरी जानकारी के बाद सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।